कलावती देवी ,पीड़िता जिसका FIR बेला पुलिस नहीं ले रही है
सीतामढ़ी,15.july.2026। बिहार के सीतामढ़ी जिले के बेला थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक दलित युवती के साथ वर्षों तक कथित यौन शोषण और अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने बेला थाना में आवेदन देकर गांव के ही एक युवक समेत उसके परिजनों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेला थाना क्षेत्र के मुजौलिया वार्ड संख्या-12 निवासी कलावती देवी ने अपनी पुत्री के साथ हुए कथित उत्पीड़न को लेकर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही विकास कुमार सिंह ने प्रेम संबंध और शादी का वादा कर कई वर्षों तक युवती का शारीरिक एवं मानसिक शोषण किया।
शिकायत के मुताबिक, 25 जून 2026 की रात करीब 8 बजे विकास कुमार सिंह अपने कुछ सहयोगियों के साथ पीड़िता को बहला-फुसलाकर घर से मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद से पीड़िता के साथ लगातार प्रताड़ना किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता की मां ने अपनी शिकायत में विकास कुमार सिंह के अलावा उसके पिता जितेंद्र कुमार सिंह, माता किरण देवी, चाचा सत्येंद्र कुमार सिंह तथा चाची बबीता देवी सिंह को भी आरोपी बनाया है। उनका आरोप है कि मामले को पंचायत स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपित पक्ष ने समझौते से इनकार कर दिया और परिवार को धमकियां भी दीं।
शिकायतकर्ता ने बेला थाना पुलिस से सभी आरोपियों के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में आरोपित पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।फ़िलहाल पुलिस ने अभी तक FIR दर्ज नहीं की है एवं आरोप यह भी लग रहें की बेला पुलिस पीड़ित परिवार के साथ उचित एवं विधिसम्मत व्यवहार नहीं कर रही है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा थाना में दिए गए आवेदन पर आधारित है।
