धौलपुर, 21.मई.2026। भारतीय जनता पार्टी धौलपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का शुभारंभ बुधवार को धौलपुर स्थित सोना हवेली में उत्साह और वैचारिक ऊर्जा के साथ हुआ। प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन आयोजित सात महत्वपूर्ण सत्रों में संगठनात्मक मजबूती, राष्ट्रवादी विचारधारा, कार्यकर्ताओं में संस्कार निर्माण तथा “सशक्त कार्यकर्ता – सशक्त संगठन” की अवधारणा पर गहन मंथन किया गया।

कार्यक्रम में 200 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पूरे आयोजन में अनुशासन, संगठनात्मक समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। भाजपा नेताओं ने इसे केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की वैचारिक चेतना को और अधिक मजबूत करने वाला अभियान बताया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश संयोजक महेंद्र कुमावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल उद्देश्य “भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाना” है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और सेवा की विचारधारा पर आधारित एक जनआंदोलन है। कुमावत ने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
भारतीय संस्कृति एवं पर्यटन के प्रदेश संयोजक मनीष पारीक ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनावी राजनीति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसका सबसे बड़ा कारण कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और वैचारिक प्रतिबद्धता है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रशिक्षण शिविर प्रभारी रानू पाराशर ने अपने प्रभावशाली संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान संगठन को नई वैचारिक शक्ति देने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और समाजहित के लिए समर्पित एक सजग प्रहरी होता है।
रानू पाराशर ने विशेष रूप से सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम संगठन की सबसे बड़ी ताकत बन चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तकनीक के सकारात्मक और प्रभावी उपयोग की अपील करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सोशल मीडिया के माध्यम से जनसंपर्क, जनजागरण और राष्ट्रहित के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाला समय तकनीक और विचार दोनों का संगम है, ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ डिजिटल रूप से भी सक्षम बनना होगा। रानू पाराशर के संबोधन को कार्यकर्ताओं ने बेहद उत्साह और गंभीरता के साथ सुना।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कहा कि यह दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन, राष्ट्रसेवा और जनसंपर्क की नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता देशहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है और यही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। राजावत ने प्रदेश से आए सभी पदाधिकारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक नोखा बिहारी लाल बिश्नोई, प्रदेश प्रवक्ता पंकज मीणा, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. शिवचरण कुशवाहा एवं गिरिराज सिंह मलिंगा, जिला उपाध्यक्ष कमल पहाड़िया, विशेष आमंत्रित सदस्य श्रवण कुमार वर्मा, पूर्व मंत्री जगमोहन बघेल, पूर्व विधायक बसेड़ी सुखराम कोली, राजाखेड़ा विधानसभा प्रत्याशी नीरजा शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख रामवती जाटव, पूर्व जिला प्रमुख दुर्ग सिंह अंदाना एवं राजाखेड़ा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विवेक सिंह बोहरा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण महाअभियान को भाजपा संगठन की आगामी रणनीति, वैचारिक मजबूती और कार्यकर्ता विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। धौलपुर में आयोजित यह कार्यक्रम भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और कार्यकर्ताओं के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देने वाला साबित हो रहा है।
