
कानपुर | उत्तर प्रदेश के औद्योगिक नगर कानपुर में एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां खुद को अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक का विशेषज्ञ बताने वाले एक दंपत्ति ने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि राजीव कुमार दुबे और उनकी पत्नी रश्मि दुबे ने ‘इज़राइली ऑक्सीजन थेरेपी’ के नाम पर बुजुर्गों को उम्र घटाने और जवां बनाने का लालच देकर लगभग 35 करोड़ रुपये की ठगी की और फिर रातों-रात शहर छोड़कर फरार हो गए।
थेरेपी सेंटर की आड़ में रचा गया जाल-
पुलिस के अनुसार, साकेत नगर निवासी राजीव और रश्मि दुबे ने किदवई नगर क्षेत्र में ‘रिविवल वर्ल्ड’ (Revival World) नाम से एक थेरेपी सेंटर खोला था। प्रचार-प्रसार के दौरान वे दावा करते थे कि उन्होंने इज़राइल से विशेष मशीनें मंगाई हैं और वे ‘हाइपरबेरिक ऑक्सीजन थेरेपी’ के जरिए शरीर की कोशिकाओं को पुनर्जीवित कर सकते हैं।
आरोपियों का कहना था कि बढ़ते प्रदूषण के कारण लोग समय से पहले बूढ़े हो रहे हैं, लेकिन उनकी थेरेपी से 65 वर्ष के व्यक्ति को भी 25 वर्ष का बनाया जा सकता है। इन दावों ने खासतौर पर बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को आकर्षित किया।
महंगे पैकेज और MLM जैसी स्कीम-
शुरुआत में सेंटर में प्रति सत्र करीब छह हजार रुपये की फीस ली जाती थी। बाद में दंपत्ति ने ‘रिवॉर्ड सिस्टम’ और मल्टी-लेवल मार्केटिंग (MLM) से मिलती-जुलती योजनाएं शुरू कर दीं। इनमें लोगों को नए ग्राहक लाने पर बोनस और भारी मुनाफे का वादा किया जाता था। इसी के तहत एक लाख रुपये तक के पैकेज बेचे गए।
हाई-टेक दिखावे से जीता भरोसा-
पीड़ितों के अनुसार, सेंटर को अत्यंत आधुनिक स्वरूप दिया गया था। चमचमाती मशीनें, विदेशी तकनीक का दावा और आकर्षक प्रस्तुतिकरण देखकर लोग भरोसा कर बैठे। कई लोगों ने महीनों तक थेरेपी ली, लेकिन जब कोई ठोस परिणाम नहीं दिखा और उन्होंने धनवापसी की मांग की, तो आरोपी दंपत्ति अचानक सेंटर बंद कर गायब हो गए।
एफआईआर दर्ज, तलाश जारी-
पीड़िता रेनू सिंह चंदेल की शिकायत पर किदवई नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में ठगी की रकम 35 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।
अपर पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कई टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उनके विदेश भागने की आशंका के मद्देनज़र हवाई अड्डों को सतर्क करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील-
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की चमत्कारी चिकित्सा पद्धति या असामान्य दावों पर भरोसा करने से पहले उसकी वैधता और सरकारी मान्यता की जांच अवश्य करें। मामले में अन्य पीड़ितों से भी आगे आकर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है, ताकि ठगी की वास्तविक राशि और नेटवर्क का पूरा खुलासा हो सके।
