
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले ने वहां की सुरक्षा एजेंसियों को हैरान कर दिया. इसके साथ ही इस घटना ने भारत की एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है. हमलावर साजिद अकरम का भारतीय पासपोर्ट लिंक और तीन-चार साल पहले भारत यात्रा की जानकारी सामने आने के बाद अब सवाल यह है कि क्या यह हमला केवल एक ‘लोन वुल्फ’ की कार्रवाई था या इसके पीछे कोई बड़ा, छिपा हुआ नेटवर्क भी सक्रिय था. इसी अहम सवाल का जवाब तलाशने के लिए भारत ने ऑस्ट्रेलिया में जांच में औपचारिक रूप से शामिल होने का फैसला किया है.
सूत्रों के मुताबिक भारत जल्द ही एक संयुक्त जांच टीम (JIT) ऑस्ट्रेलिया भेजेगा. यह टीम वहां की एजेंसियों के साथ मिलकर साजिद अकरम का बैकग्राउंड, उसकी सोच और संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की गहराई से पड़ताल करेगी. जांच का फोकस सिर्फ हमले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इस बात पर भी होगा कि भारत से उसका कोई प्रत्यक्ष या परोक्ष संबंध, या कोई स्लीपर नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था.
