दिल्ली में केंद्रीय MSME मंत्री जीतन राम मांझी से शिष्टाचार मुलाकात, पंचायतों के माध्यम से योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर हुई अहम चर्चा
नई दिल्ली।
आज दिल्ली में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री एवं सामाजिक न्याय के प्रखर नेता, मेरे लिए पितातुल्य आदरणीय श्री जीतन राम मांझी जी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की गई। इस अवसर पर बिहार में पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से MSME मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर आम जनमानस तक उनका लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान इस बात पर विशेष रूप से विचार किया गया कि कैसे ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार, लघु उद्योग, महिला उद्यमिता और युवा स्टार्ट-अप को पंचायतों के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा सकता है। मंत्री महोदय ने कहा कि यदि पंचायतों को योजनाओं की जानकारी, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग दिया जाए तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
इस क्रम में निकट भविष्य में बिहार में राज्य स्तरीय कार्यशाला के आयोजन पर भी चर्चा हुई, जिसके लिए मंत्री श्री मांझी जी ने अपनी सैद्धांतिक सहमति प्रदान की। यह कार्यशाला पंचायती राज प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं एवं MSME से जुड़े हितधारकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
यह मुलाकात बिहार के ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
