नई दिल्ली, 19 दिसंबर — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है और यह विश्वास बिना रुके आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार केवल वादों की नहीं, बल्कि काम करने वाली सरकार है, जिसकी नीतियों और फैसलों पर जनता लगातार भरोसा जता रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 11 वर्षों में हरियाणा के सड़क नेटवर्क को जिस तरह सुदृढ़ किया गया है, वह राज्य के विकास की दिशा और सरकार की प्राथमिकताओं को साफ तौर पर दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्रीमती गीता भुक्कल द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के सदस्य हर बार पोस्टर और अखबार लेकर सदन में आते हैं, लेकिन सरकार को इससे कोई असुविधा नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब सरकार ज़मीन पर काम कर रही हो, तो शोर-शराबे से उसका रास्ता नहीं रोका जा सकता।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी सड़कों के सुदृढ़ीकरण को गंभीरता से नहीं लिया, जबकि वर्तमान सरकार ने बीते 11 वर्षों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। यही वजह है कि आज राज्य में आवागमन सुगम हुआ है, व्यापार को गति मिली है और आम जनता को सीधा लाभ पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क विकास में आई यह मजबूती ही विपक्ष की असहजता का कारण बन रही है।
मुख्यमंत्री ने झज्जर से छुछकवास तक बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजना हरियाणा के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई देने वाली है। उन्होंने अफसोस जताया कि विपक्ष ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए सरकार का धन्यवाद तक नहीं किया। श्री सैनी ने कहा कि कम से कम सड़कों के सुधार और विकास के लिए विपक्ष को सरकार की सराहना करनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने दोहराया कि हरियाणा सरकार विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर काम कर रही है और जनता का बढ़ता भरोसा इस बात का प्रमाण है कि सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
