नई दिल्ली, 19 दिसंबर 2025। परीक्षा पे चर्चा 2026 को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए अब तक 75 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन दर्ज किए जा चुके हैं, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है। यह कार्यक्रम हर वर्ष विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को परीक्षा से जुड़े तनाव, तैयारी और जीवन कौशल पर खुलकर संवाद का अवसर देता है।
इस वर्ष भी परीक्षा पे चर्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और उनके सवालों का जवाब देंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल परीक्षा की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और जीवन में संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देना भी है। यही कारण है कि यह पहल छात्रों के बीच लगातार लोकप्रिय होती जा रही है।
परीक्षा पे चर्चा 2026 के लिए कक्षा 6 से 12 तक के छात्र, साथ ही अभिभावक और शिक्षक भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026 तय की गई है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आसान चरणों में आवेदन कर सकते हैं।
पिछले वर्षों में परीक्षा पे चर्चा ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वर्ष 2025 में इस कार्यक्रम के लिए करोड़ों की संख्या में पंजीकरण हुए थे, जिसे वैश्विक स्तर पर भी सराहा गया। छात्रों का मानना है कि प्रधानमंत्री से सीधा संवाद उन्हें मानसिक दबाव से बाहर निकालने और परीक्षा को एक अवसर के रूप में देखने की सीख देता है।
शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, परीक्षा पे चर्चा ने भारत में परीक्षा को लेकर बनी पारंपरिक तनावपूर्ण सोच को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 2026 का संस्करण भी इसी उम्मीद के साथ आगे बढ़ रहा है कि यह करोड़ों छात्रों को आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
रजिस्ट्रेशन करने की स्टेप्स
- परीक्षा पे चर्चा 2026 रजिस्ट्रेशन करने के लिए सर्वप्रथम आधिकारिक वेबसाइट innovateindia1.mygov.in पर जाना होगा।
- वेबसाइट के होम पेज पर Participate Now पर क्लिक करना होगा।
- अब आपकी अपनी कैटेगरी के अनुसार- Student (Self Participation), Student (Participation through Teacher login), Teacher, Parent का चुनाव कर उसके नीचे क्लिक टू पार्टिसिपेट पर क्लिक करें।
- अपना पूरा नाम, मोबाइल नंबर/ ईमेल आईडी दर्ज करके पंजीकरण करें।
- इसके बाद अन्य डिटेल भरकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
