नई दिल्ली, 09.03.2026 । भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने आज अपने दिल्ली स्थित आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि देश में विपक्ष पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुका है और अब उसका पूरा ध्यान अनर्गल बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि सरकार हर विषय पर सदन में चर्चा और जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार रहती है, लेकिन विपक्ष लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करने के बजाय लगातार सदन की कार्यवाही को बाधित करने की राजनीति कर रहा है।
मदन राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में सदन रचनात्मक बहस और नीतिगत विमर्श का मंच होता है, लेकिन दुर्भाग्य से वर्तमान विपक्ष इस जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन के भीतर चर्चा से बचता है और केवल हंगामा कर कार्यवाही को ठप करने की रणनीति अपनाता है। इतना ही नहीं, कुछ विपक्षी नेता देश के बाहर जाकर भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में प्रस्तुत केंद्रीय बजट में “विकसित भारत 2047” का स्पष्ट और व्यापक रोडमैप सामने रखा गया है। इस बजट में रेलवे के आधुनिकीकरण, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, राष्ट्रीय राजमार्गों और सड़कों के विस्तार, डिजिटल आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने, रोजगार सृजन को गति देने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन विपक्ष सकारात्मक चर्चा करने के बजाय केवल विरोध की राजनीति में उलझा हुआ है।
मदन राठौड़ ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में एक मजबूत और जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा चाहती है कि विपक्ष राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर रचनात्मक सहयोग करे, लेकिन वर्तमान विपक्ष में सकारात्मक सोच और राष्ट्रीय दृष्टिकोण का अभाव दिखाई देता है। वह केवल नकारात्मक टिप्पणियों और भ्रामक प्रचार के सहारे राजनीति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का मुख्य उद्देश्य सदन को चलने न देना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों को बाधित करना बन गया है। हालांकि देश की जनता इन प्रयासों को भली-भांति समझती है और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैश्विक मंच पर भारत का सशक्त नेतृत्व कर रहे हैं और विश्व समुदाय को शांति, सहयोग और संवाद का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सदैव “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना में विश्वास करता है और इसी विचार के साथ विश्व शांति और मानवता के मार्ग पर अग्रसर है।
