नई दिल्ली,24.JAN.2026। 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पंचायती राज मंत्रालय देशभर के निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करने जा रहा है। मंत्रालय 25 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड 2026 के लिए विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित पंचायत नेताओं के सम्मान में एक अभिनंदन समारोह का आयोजन करेगा। इस अवसर पर एस.पी. सिंह बघेल की उपस्थिति में मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज और वरिष्ठ अधिकारी सम्मानित प्रतिनिधियों का अभिनंदन करेंगे।
इस समारोह के दौरान पंचायती राज मंत्रालय की कई महत्वपूर्ण पहलों और प्रकाशनों का विमोचन किया जाएगा। इनमें यूनिसेफ के सहयोग से विकसित ‘पंचम’:पंचायत सहायता एवं संदेश चैटबॉट, ग्रामोदय संकल्प पत्रिका का 17वां अंक, पंचायती राज संस्थाओं पर बुनियादी सांख्यिकी संकलन–2025, पंचायत स्तर पर सेवा वितरण पर विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट तथा पीईएसए प्रदर्शन और कार्यान्वयन रैंक संकेतक शामिल हैं। इसके साथ ही संविधान दिवस-2025 के तहत आयोजित ‘अपने संविधान को जानें’ प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
सम्मानित होने वाले प्रतिनिधियों में वे सरपंच, मुखिया, ग्राम प्रधान तथा ब्लॉक और जिला पंचायत अध्यक्ष शामिल हैं, जिनकी पंचायतों ने केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त किया है। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा नामित लगभग 240 पंचायत प्रमुखों को जमीनी स्तर पर उनके उत्कृष्ट योगदान और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में निभाई गई भूमिका के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर मंत्रालय पंचायती राज संस्थाओं और राष्ट्रीय पंचायती राज संस्थानों के प्रमुखों तथा उनके जीवनसाथियों सहित लगभग 450 विशेष अतिथियों की मेजबानी करेगा।
विशेष आमंत्रित अतिथि 25 जनवरी को प्रधानमंत्री संग्रहालय का भी दौरा करेंगे, जहाँ वे स्वतंत्रता के बाद भारत के नेतृत्व और शासन की यात्रा को करीब से जान सकेंगे। साथ ही, गणतंत्र दिवस परेड के दौरान पंचायती राज मंत्रालय की झांकी भी प्रदर्शित की जाएगी, जिसका विषय होगा “स्वामित्व योजना: आत्मनिर्भर पंचायत से समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत”। यह आयोजन लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने में पंचायत नेतृत्व की भूमिका को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
