
बांग्लादेश में बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए भारत ने गुरुवार को राजशाही और खुलना स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (IVAC) को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. यह जानकारी IVAC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक नोटिस में दी गई. नोटिस में कहा गया है कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति के कारण 18 दिसंबर 2025 को राजशाही और खुलना के वीजा आवेदन केंद्र बंद रहेंगे. जिन लोगों ने आज के लिए अपॉइंटमेंट बुक किया था, उन्हें बाद की तारीख में नया स्लॉट दिया जाएगा.भारत ने फैसला तब लिया है, जब बांग्लादेश में भारतीय मिशन के खिलाफ खतरा लगातार बढ़ रहा है. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने राजशाही में मौजूद भारतीय असिस्टेंट हाई कमीशन की ओर मार्च की कोशिश की. यहां भारत विरोधी नारे सुने गए. बैरिकेड्स लगाकर इस भीड़ को रोका गया लेकिन लगातार दूसरे दिन हुए भारत विरोधी इस प्रदर्शन ने दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा दिया है.
बुधवार को भी सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने ढाका में भारतीय उच्चायोग के लिए मार्च निकाला था। दोपहर करीब 3 बजे यह मार्च शुरू होने के बाद आगे बढ़ा तो इसे पुलिस के ब्लॉकेड का सामना पड़ा. भारत ने हाल ही में बांग्लादेश के उच्चायुक्त मोहम्मद रियाज हामिदुल्लाह को तलब कर औपचारिक विरोध दर्ज कराया था. यह आपत्ति ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग को लेकर दी गई धमकियों और बांग्लादेशी नेताओं के भारत विरोधी भड़काऊ बयानों को लेकर जताई गई थी.
