नई दिल्ली | 29 जनवरी — हरियाणा ने डिजिटल गवर्नेंस और स्वास्थ्य प्रशासन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए देश में नई मिसाल कायम की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज स्वास्थ्य विभाग के ‘सेंट्रलाइज्ड पोर्टल फॉर हरियाणा काउंसिल्स’ का लोकार्पण किया। इसके साथ ही हरियाणा ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने विभिन्न स्वास्थ्य परिषदों को एक ही इंटीग्रेटेड डिजिटल सिस्टम पर जोड़ दिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सेंट्रलाइज्ड पोर्टल के माध्यम से मेडिकल काउंसिल, डेंटल काउंसिल, फार्मेसी काउंसिल, आयुष एवं होम्योपैथी परिषद सहित अन्य स्वास्थ्य परिषदों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह पोर्टल प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लगभग 1.5 लाख पंजीकृत युवाओं को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
उन्होंने कहा कि अब विभिन्न परिषदों के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवक-युवतियां प्रशिक्षण पूरा होने के बाद घर बैठे ही ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे और कार्य करने हेतु आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त कर पाएंगे। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि प्रक्रिया में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह नया सिस्टम युवाओं को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, रिन्यूअल, प्रमाण पत्र जारी करने, प्रोफाइल मैनेजमेंट और रोजगार से संबंधित जानकारी जैसी अनेक सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा। साथ ही यह पोर्टल स्वास्थ्य पेशेवरों और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच रोजगार के अवसरों के लिए एक मजबूत डिजिटल सेतु का काम करेगा।
उन्होंने बताया कि यह योजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है। पहले चरण में मेडिकल काउंसिल, डेंटल काउंसिल, फार्मेसी काउंसिल, आयुष एवं होम्योपैथी परिषदों को पोर्टल से जोड़ा गया है। दूसरे चरण में नर्सिंग और फिजियोथेरेपिस्ट परिषदों को भी शामिल किया जाएगा। भविष्य में इस पोर्टल को सरल पोर्टल से जोड़ा जाएगा, ताकि सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संपन्न हो सकें।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न स्वास्थ्य परिषदों के लिए इंटीग्रेटेड वेब पोर्टल, मोबाइल एप्लिकेशन और जॉब पोर्टल का भी औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इससे फार्मेसी, डेंटल सहित पांच परिषदों में पंजीकरण प्रक्रिया और अधिक सरल, तेज़ और उपयोगकर्ता-अनुकूल हो जाएगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, स्वास्थ्य सचिव रिपुदमन सिंह ढिल्लों सहित सभी स्वास्थ्य परिषदों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल हरियाणा को डिजिटल स्वास्थ्य प्रशासन में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
