POVS कार्यकारिणी चुनाव संपन्न, डॉ. सूर्य नारायण मिश्रा पुनः अध्यक्ष निर्वाचित

नई दिल्ली , 30 December 2025 | प्रवासी ओड़िया समाज की देश की प्रमुख संस्थाओं में शामिल Pravasi Odia Vikash Samiti (POVS), नई दिल्ली की कार्यकारिणी परिषद एवं पदाधिकारियों का चुनाव 28 दिसंबर 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया सुबह 11 बजे IIT दिल्ली के IRD कॉन्फ्रेंस हॉल में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित माहौल में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में सदस्यों की सहभागिता रही।
चुनाव का संचालन एक स्वतंत्र चुनाव समिति की निगरानी में किया गया। समिति में एनसीईआरटी के शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर श्री बिस्वजीत बेहेरा ने बाह्य पीठासीन अधिकारी के रूप में भूमिका निभाई, जबकि डॉ. प्रद्युम्न प्रधान और श्री चिन्मय मोहंती आंतरिक सदस्य के रूप में शामिल रहे। सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता की सराहना की।
चुनाव परिणामों के अनुसार डॉ. सूर्य नारायण मिश्रा को सर्वसम्मति से पुनः संस्था का अध्यक्ष चुना गया। वहीं इंजीनियर सुशांत कुमार महापात्रा महासचिव और श्री बिस्वजीत बारिक को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को और सशक्त बनाने, प्रवासी ओड़ियाओं को एकजुट करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा की सांस्कृतिक पहचान और गरिमा को मजबूती देने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ सामान्य एवं कार्यकारिणी परिषद सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व आईपीएस अधिकारी डॉ. संजीब पटजोशी, डॉ. धीरज सिंह, डॉ. शैलेन्द्र स्वैन, श्री प्रभोध स्वैन, श्री राजेश शर्मा, श्री अजीत मोहंती, मलय प्रधान, सुश्री रीता पात्रा और डॉ. प्रकाश साहू सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।
बैठक के दौरान संस्था की भावी भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से ‘विजन ओडिशा 2026’ के तहत ओडिशा में स्टार्ट-अप और उद्यमिता को बढ़ावा देने, पर्यटन के प्रचार-प्रसार को सशक्त करने तथा “जनमभूमि – कर्मभूमि” की भावना के साथ प्रवासी ओड़ियाओं की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित नेतृत्व को शुभकामनाएं देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
