एलपीजी रिफिल बुकिंग पर फैली अफवाहों पर सरकार का बड़ा स्पष्टीकरण
नई दिल्ली, 25 मार्च 2026: हाल के दिनों में सोशल मीडिया और कुछ समाचार रिपोर्टों में एलपीजी (गैस सिलेंडर) रिफिल बुकिंग की समय-सीमा को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा था। इन रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) कनेक्शन के लिए 45 दिन, गैर-पीएमयूवाई सिंगल बॉटल कनेक्शन के लिए 25 दिन और डबल बॉटल कनेक्शन के लिए 35 दिन की नई समय-सीमा तय कर दी गई है।
लेकिन सरकार ने इन सभी दावों को पूरी तरह भ्रामक और गलत बताया है। सरकार ने साफ किया है कि एलपीजी रिफिल बुकिंग की समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पुरानी व्यवस्था ही लागू है।
सरकार के अनुसार, मौजूदा नियमों के तहत शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही अगली रिफिल बुक की जा सकती है। यह नियम सभी उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू होता है, चाहे वह उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हों या सामान्य उपभोक्ता, सिंगल सिलेंडर हो या डबल सिलेंडर किसी भी श्रेणी के आधार पर कोई अलग समय-सीमा नहीं है।
सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही इन्हें आगे फैलाएं। साथ ही, घबराहट में अनावश्यक गैस सिलेंडर बुकिंग करने से भी बचें।
अंत में सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, इसलिए किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
सही जानकारी पर भरोसा करें, अफवाहों से दूर रहें और जरूरत के अनुसार ही एलपीजी बुक करें।
Source: PIB
