जयपुर, 18 जनवरी 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पश्चिम बंगाल और पंजाब की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया। पाली प्रवास के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकारें प्रशासनिक ईमानदारी, संवैधानिक संस्थाओं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने का काम कर रही हैं।
“शोनार बांग्ला” से “खूनी खेल का मैदान”
मदन राठौड़ ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल अब ‘शोनार बांग्ला’ नहीं रहा। जादवपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 110 पर तैनात बीएलओ अशोक दास की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध घुसपैठियों—रोहिंग्या सहित—के नाम मतदाता सूची से न हटाने का दबाव बनाया गया। धमकियों और मानसिक प्रताड़ना के चलते यह घटना लोकतंत्र की हत्या का प्रतीक बन गई है।
चुनावी प्रक्रिया पर हिंसक दबाव
उन्होंने उत्तर दिनाजपुर के चाकुलिया में बीडीओ कार्यालय में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बाधित करने की साजिश है। राठौड़ ने टीएमसी को “तुष्टिकरण, माफिया और गुंडाराज का पर्याय” बताया और कहा कि फर्जी आईडी व अवैध घुसपैठ के सहारे चुनाव जीतने की कोशिशें हो रही हैं।
पंजाब में मीडिया की आवाज दबाने का आरोप
पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए राठौड़ ने कहा कि पंजाब केसरी समूह के बठिंडा और जालंधर (सूरानुसी) स्थित प्रिंटिंग प्रेस पर बिना नोटिस छापेमारी कर कर्मचारियों से मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की आलोचना करने वाले यूट्यूबर्स व डिजिटल मीडिया पर एफआईआर दर्ज की जा रही है, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिजली काटना और सिग्नल जाम करना आम बात हो गई है—जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार है।
जांच और कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अशोक दास आत्महत्या मामले में उच्च स्तरीय, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही पंजाब में मीडिया संस्थानों पर दमन रोकने, प्रेस की स्वतंत्रता बहाल करने और सीमा सुरक्षा के लिए भूमि उपलब्ध कराने के मुद्दे पर राज्य सरकार के रवैये की समीक्षा की मांग की।
उन्होंने दोहराया कि भाजपा इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी।पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी और पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा भी उपस्थित रहे।
