नई दिल्ली, 10.jan.2026। देश का सबसे भव्य राष्ट्रीय आयोजन Republic Day Parade 2026 एक बार फिर कर्तव्य पथ पर आयोजित होने जा रहा है। 26 जनवरी को होने वाली इस ऐतिहासिक परेड को नज़दीक से देखने का सपना अगर आप भी देख रहे हैं, तो इसके लिए पहले से टिकट बुक करना जरूरी है। रक्षा मंत्रालय की ओर से आम नागरिकों के लिए टिकट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आइए जानते हैं, गणतंत्र दिवस परेड 2026 के टिकट कैसे और कहाँ से बुक किए जा सकते हैं।
कब और कहाँ होगी गणतंत्र दिवस परेड?
गणतंत्र दिवस परेड 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के Kartavya Path पर आयोजित होगी। इस परेड में भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों, झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भारत की सैन्य व सांस्कृतिक शक्ति का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह भी राजधानी में विशेष आकर्षण रहेगा।
टिकट बुकिंग कब से शुरू हुई?
गणतंत्र दिवस परेड 2026 के लिए टिकटों की बिक्री 5 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। नागरिक 14 जनवरी 2026 तक टिकट खरीद सकते हैं। टिकट सीमित संख्या में उपलब्ध होते हैं, इसलिए जल्द बुकिंग करना बेहतर माना जा रहा है।
ऑनलाइन टिकट कैसे बुक करें?
परेड के टिकट ऑनलाइन बुक करने के लिए नागरिकों को रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल Aamantran Portal का उपयोग करना होगा।
ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया इस प्रकार है:
-
सबसे पहले वेबसाइट aamantran.mod.gov.in पर जाएं
-
नया यूज़र होने पर रजिस्ट्रेशन करें
-
लॉगिन के बाद अपना नाम, पता और वैध पहचान पत्र का विवरण भरें
-
उपलब्ध सीटों में से टिकट चुनें
-
भुगतान के बाद डिजिटल टिकट डाउनलोड करें
यह टिकट मोबाइल पर दिखाकर या प्रिंट निकालकर प्रवेश के समय इस्तेमाल किया जा सकता है।
ऑफलाइन टिकट कहाँ मिलेंगे?
जो लोग ऑनलाइन टिकट नहीं ले पा रहे हैं, उनके लिए दिल्ली में ऑफलाइन टिकट काउंटर भी बनाए गए हैं।
प्रमुख काउंटर इन स्थानों पर उपलब्ध हैं:
-
सेना भवन
-
शास्त्री भवन
-
जंतर-मंतर
-
संसद भवन रिसेप्शन
-
राजीव चौक और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन
इन काउंटरों पर निर्धारित समय के दौरान टिकट खरीदे जा सकते हैं।
टिकट की कीमत कितनी है?
गणतंत्र दिवस परेड 2026 के टिकट की कीमत ₹20 से ₹100 के बीच रखी गई है। टिकट की कीमत बैठने की जगह और सेक्टर के अनुसार तय की गई है। आम नागरिकों के लिए यह दरें काफी किफायती मानी जा रही हैं।
कौन-से दस्तावेज जरूरी हैं?
टिकट बुकिंग और प्रवेश के समय किसी एक वैध फोटो पहचान पत्र का होना अनिवार्य है, जैसे—
-
आधार कार्ड
-
वोटर आईडी
-
ड्राइविंग लाइसेंस
-
पासपोर्ट
बिना पहचान पत्र के परेड स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
क्या ध्यान रखें दर्शक?
-
टिकट सीमित होते हैं, इसलिए अंतिम तारीख का इंतजार न करें
-
परेड स्थल पर समय से पहले पहुंचें
-
सुरक्षा जांच के नियमों का पालन करें
-
मोबाइल टिकट और पहचान पत्र साथ रखें
