एनसीवीईटी ने नेशनल कम्युनिकेशंस एकेडमी, टेक्नोलॉजी (एनसीए-टी) को अवार्डिंग बॉडी (डुअल) के रूप में मान्यता दी है।
राष्ट्रीय कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद NCVET और नेशनल कम्युनिकेशंस अकादमी, टेक्नोलॉजी (NCA-T) ने 19 दिसंबर 2025 को एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत NCVET ने NCA-T को अवार्डिंग बॉडी (AB-Dual) के रूप में मान्यता प्रदान की है। इस मान्यता के बाद NCA-T अपने स्वामित्व या पूर्ण प्रबंधन वाले प्रशिक्षण केंद्रों में स्वयं प्रशिक्षण देकर, अपनी स्वीकृत/अपनाई गई योग्यताओं के लिए शिक्षार्थियों का मूल्यांकन और प्रमाणन कर सकेगा।
इस अवसर पर NCVET ने NCA-T, गाजियाबाद द्वारा विकसित पहली माइक्रो-क्रेडेंशियल योग्यता—“टेलीकॉम साइबर सुरक्षा एवं नियामक इकोसिस्टम के मूल तत्व”को भी मंज़ूरी दी। NCA-T, दूरसंचार विभाग (DoT) के अंतर्गत एक केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान है और नीतिगत विषयों पर थिंक-टैंक की भूमिका भी निभाता है।
स्वीकृत योग्यता प्रतिभागियों को नेटवर्क सुरक्षा, मुख्य दूरसंचार प्रौद्योगिकियों और उभरते साइबर खतरों की व्यावहारिक समझ प्रदान करेगी। यह पहल वर्ष 2030 तक भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन की मांग-आपूर्ति के अंतर को पाटने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।
NCVET ने विश्वास जताया कि यह सहयोग उन्नत प्रौद्योगिकी-आधारित प्रशिक्षण को गति देगा और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में उल्लेखनीय योगदान सुनिश्चित करेगा।
