नई दिल्ली,27 जनवरी 2026 | केंद्रीय बजट 2026-27 की तैयारियों का अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण आज नॉर्थ ब्लॉक स्थित बजट प्रेस में पारंपरिक ‘हलवा समारोह’ के साथ औपचारिक रूप से शुरू हो गया। इस अवसर पर केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
हलवा समारोह भारत के बजट इतिहास की एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जो बजट दस्तावेजों की छपाई से पहले आयोजित की जाती है। इसी के साथ बजट निर्माण से जुड़े अधिकारी ‘लॉक-इन प्रक्रिया’ में प्रवेश करते हैं, जिसके तहत वे बजट पेश होने तक परिसर के भीतर ही रहते हैं ताकि गोपनीयता पूरी तरह बनी रहे।
समारोह के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट प्रेस का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की और बजट निर्माण में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वित्त मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत सभी विभागों के सचिव और बजट प्रक्रिया से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय बजट 1 फरवरी 2026 को संसद में पेश किया जाएगा। बजट भाषण के समापन के बाद वार्षिक वित्तीय विवरण, अनुदान की मांगें, वित्त विधेयक सहित सभी बजट दस्तावेज “यूनियन बजट मोबाइल ऐप” और आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह मोबाइल ऐप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा तथा एंड्रॉइड और iOS प्लेटफॉर्म पर डाउनलोड किया जा सकेगा। आम नागरिक और सांसद www.indiabudget.gov.in के माध्यम से भी बजट दस्तावेजों तक डिजिटल पहुंच प्राप्त कर सकेंगे।
सरकार का यह डिजिटल कदम पारदर्शिता, सुगमता और समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराने की दिशा में एक और मजबूत प्रयास माना जा रहा है। हलवा समारोह के साथ ही देश की निगाहें अब 1 फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट पर टिकी हैं, जिससे आर्थिक विकास, आम आदमी और राष्ट्र की प्राथमिकताओं की दिशा स्पष्ट होगी।
