(समाचार रिपोर्ट)
नई दिल्ली।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने देश-व्यापी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की है। इस संगठन विस्तार के तहत कई महत्वपूर्ण दायित्वों पर अनुभवी, कर्मठ एवं संगठनात्मक क्षमता वाले नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के निर्देश पर की गई नियुक्तियों में श्री ए. के. बाजपेयी को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मुख्य प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं श्री पृथ्वी राज यादव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा श्री एस. के. मिश्रा को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महिला संगठन को सशक्त करते हुए सुश्री शबनम खान को अखिल भारतीय महिला प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। दिल्ली प्रदेश की कमान श्री हरि प्रकाश को सौंपी गई है, जबकि श्री तनिष्क चंदेला को उत्तर प्रदेश वेस्ट का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
श्री गोविंद कौशिक को हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष तथा श्री अशरफ लोन को जम्मू एवं कश्मीर इकाई के श्रमिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अतिरिक्त सुश्री रेशमा जायसवाल को दिल्ली प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करेंगे तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाएंगे।
